Silchar Rally: PM Modi बोले- कांग्रेस ने North East को भुलाया, हमने बनाया विकास का सेतु
सिलचर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के सिलचर में शिलांग-सिलचर कॉरिडोर के भूमिपूजन के बाद एक रैली में कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस की सोच खत्म हो जाती है, वहां से हमारा विकास का काम शुरू होता है। कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और अब पराजय की सेंचुरी लगाने वाली है, जिसकी हताशा में वह देश को बदनाम करने पर उतर आई है।
नॉर्थ-ईस्ट को भुला दिया था कांग्रेस ने
पीएम मोदी ने याद दिलाया कि आजादी के दशकों तक कांग्रेस सरकारों ने नॉर्थ-ईस्ट को दिल्ली से दूर रखा, यहां तक कि दिल से भी नजरअंदाज किया। लेकिन बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने इस क्षेत्र को एक्ट ईस्ट पॉलिसी का केंद्र बनाया, जो अब दक्षिण-पूर्व एशिया का सेतु बन रहा है। बराक वैली को भी कांग्रेस ने बेहाल किया, आजादी के बाद ऐसी सीमाएं खींचीं कि इसका समुद्र से संपर्क टूट गया, जो कभी व्यापारिक केंद्र था।

24,000 करोड़ का शिलांग-सिलचर कॉरिडोर: बराक वैली को नई उड़ान
सिलचर में प्रधानमंत्री ने 24,000 करोड़ रुपये के इस महत्वाकांक्षी कॉरिडोर का भूमिपूजन किया, जो सिलचर को मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा से जोड़ेगा। उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस तो ऐसे प्रोजेक्ट के शून्यों की गिनती भी नहीं कर सकती। यह कॉरिडोर पूर्वोत्तर के लोगों के दशकों पुराने इंतजार को पूरा करेगा और विकास की नई गति देगा।
बॉर्डर गांवों को प्राथमिकता: बीजेपी का नया मंत्र
पीएम ने कहा कि जहां कांग्रेस बॉर्डर इलाकों को देश के आखिरी गांव मानती थी, वहीं हम इन्हें पहले गांव समझते हैं। कछार जिले से ही वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम का अगला चरण शुरू किया गया, जिससे बराक वैली के कई गांवों में सुधार होगा। किसानों के लिए भी डबल इंजन सरकार सक्रिय है, शुक्रवार को ही गुवाहाटी से पीएम किसान सम्मान निधि की अगली किस्त जारी की गई।
असम के युवाओं को हिंसा में उलझाया कांग्रेस ने
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर असम के युवाओं को 'फूट डालो और राज करो' की नीति से बांधे रखने का आरोप लगाया। इतने साल राज करने के बावजूद किसानों को एक रुपया नहीं दिया, जबकि असम से ही प्रधानमंत्री चुने गए थे। आज असम के युवाओं के सामने अवसरों का नया आकाश खुला है, हिंसा और आतंकवाद का दौर खत्म हो चुका।
