बजट सत्र विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक पड़ाव: नरेंद्र मोदी
संसद में सकारात्मक और सार्थक चर्चा की उम्मीद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बजट सत्र 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में अहम कदम है और यह समय समाधान का है, व्यवधान का नहीं।
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह बजट सत्र 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। देश अब लंबे समय से लंबित समस्याओं से बाहर निकलते हुए स्थायी और दीर्घकालिक समाधानों की ओर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समय “व्यवधान का नहीं, समाधान का काल” है।
संसद में सकारात्मक और सार्थक चर्चा की उम्मीद
बजट सत्र की शुरुआत पर संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि दोनों सदनों में नागरिकों को सशक्त बनाने और भारत की विकास यात्रा को तेज़ करने को लेकर सकारात्मक चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की पहचान “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” से बनी है और देश पूरी गति से “रिफॉर्म एक्सप्रेस” पर आगे बढ़ रहा है।
सांसदों के सहयोग से तेज हुई सुधारों की रफ्तार

राष्ट्रपति का अभिभाषण आत्मविश्वास की अभिव्यक्ति
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति के अभिभाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह 140 करोड़ देशवासियों के आत्मविश्वास और पुरुषार्थ की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का संबोधन विशेष रूप से देश के युवाओं की आकांक्षाओं को सटीक रूप से सामने रखता है और सांसदों के लिए मार्गदर्शक है।
2047 तक का निर्णायक 25 वर्षों का कालखंड
प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का पहला चौथाई हिस्सा पूरा हो चुका है और अब दूसरे क्वार्टर की शुरुआत हो रही है। यही वह 25 वर्षों का निर्णायक कालखंड है, जिसमें 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना है। उन्होंने कहा कि यह बजट इस सदी के दूसरे क्वार्टर का पहला बजट है, इसलिए इसका महत्व और भी अधिक है।
आत्मविश्वासी भारत बना वैश्विक आकर्षण का केंद्र
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह नया कालखंड बहुत ही सकारात्मक माहौल में शुरू हुआ है। आत्मविश्वासी भारत आज दुनिया के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरा है और वैश्विक आकर्षण का केंद्र बन रहा है। भारत-यूरोपीय संघ के बीच हुआ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट इसका बड़ा उदाहरण है।
FTA से युवाओं, किसानों और उद्योगों को मिलेगा लाभ
प्रधानमंत्री ने कहा कि 27 देशों के साथ हुआ यह समझौता भारत के युवाओं, किसानों, मैन्युफैक्चरर्स और सर्विस सेक्टर से जुड़े लोगों के लिए नए अवसर खोलेगा। इसे उन्होंने प्रतिस्पर्धी और प्रोडक्टिव भारत की दिशा में बड़ा कदम बताया।
निर्मला सीतारमण को लेकर गर्व की बात
प्रधानमंत्री मोदी ने वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना करते हुए कहा कि वह देश की पहली महिला वित्तमंत्री हैं, जो लगातार नौवीं बार संसद में बजट पेश करने जा रही हैं। उन्होंने इसे भारत के संसदीय इतिहास में गर्व का क्षण बताया।
